केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने भारत के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ एस. श्रीसंत पर लगा तीन साल का प्रतिबंध हटा दिया है। यह फैसला 1 जुलाई 2026 को हुई KCA की स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग में लिया गया। श्रीसंत को पहले सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर एसोसिएशन के खिलाफ की गई टिप्पणियों के चलते सस्पेंड किया गया था। KCA का आरोप था कि उनकी टिप्पणियों से एसोसिएशन की छवि को नुकसान पहुंचा। श्रीसंत ने इस कार्रवाई को अदालत में चुनौती दी थी, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई।
इसके बाद श्रीसंत ने KCA को बिना शर्त लिखित माफीनामा सौंपा और अपनी टिप्पणियों पर खेद जताया। एसोसिएशन ने उनकी माफी स्वीकार करते हुए तीन साल का प्रतिबंध हटाने का फैसला किया। हालांकि KCA ने साफ किया है कि अगर भविष्य में उन्होंने दोबारा ऐसा व्यवहार किया, तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैन हटने के बाद श्रीसंत अब केरल क्रिकेट लीग (KCL) के तीसरे सीजन में एरीज़ कोल्लम सेलर्स फ्रेंचाइज़ी के सह-मालिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा सकेंगे। यह प्रतिबंध पिछले KCL सीजन से पहले लगाया गया था।
श्रीसंत भारत के लिए तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट खेल चुके हैं। उन्होंने 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 87 विकेट, वनडे में 75 विकेट और टी20 इंटरनेशनल में 7 विकेट अपने नाम किए। घरेलू क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 74 फर्स्ट क्लास मैचों में 213 विकेट, 92 लिस्ट-ए मुकाबलों में 124 विकेट और 65 टी20 मैचों में 54 विकेट हासिल किए हैं।
