मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, पुलिस बल की तैनाती तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी सतर्कता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद दिखाई दी। पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं@जफर/INN
