संभल। करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और फर्जी पट्टा आवंटन के मामले में संभल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहजहांपुर के सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार गुप्ता की गिरफ्तारी उस समय हुई जब वे संभल नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी (EO) के पद पर तैनात थे। आरोप है कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भूमाफियाओं के साथ मिलीभगत कर सरकारी भूमि का फर्जी पट्टा आवंटित कराया, जिससे करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा हो गया।
यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के तख्त गुसाई के पास स्थित करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन से जुड़ा है। जांच में भूमाफिया सईदुल रहमान, उसके दो बेटों, पत्नी सहित 32 अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि, मुख्य आरोपी सईदुल रहमान की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फर्जी पट्टा आवंटन में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस कार्रवाई को सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।@जफर/INN
