एशिया कप 2025 के मैच नंबर-18 में 26 सितंबर को भारत और श्रीलंका की टक्कर हुई. दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका पर सुपर ओवर में जीत हासिल की. भारत ने श्रीलंका को जीत के लिए 203 रनों का टारगेट दिया था. जवाब में श्रीलंका ने भी 20 ओवर में पांच विकेट पर 202 रन बनाए और मैच सुपर ओवर में गया.
सुपर ओवर में श्रीलंका ने 2 रन बनाए, यानी भारत को जीत हासिल करने के लिए 3 रनों की दरकार थी. अर्शदीप सिंह के उस ओवर में पहली गेंद पर कुसल परेरा आउट हुए. फिर अगली गेंद पर कामिंदु मेंडिस ने एक रन लिया. अगली गेंद पर दासुन शनाका कोई रन नहीं बना सके. फिर अर्शदीप ने वाइड गेंद फेंकी. ओवर की चौथी लीगल गेंद पर कोई रन नहीं बना. जबकि पांचवीं बॉल पर दासुन शनाका कैच आउट हुए. फिर 3 रनों के टारगेट को भारतीय ने पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया. सुपर ओवर में वानिंदु हसारंगा की पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने तीन रन बना लिए.
भारतीय टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी थी, जहां उसका सामना 28 सितंबर (रविवार) को पाकिस्तान से होना है. दूसरी ओर श्रीलंकाई टीम की खिताबी मुकाबला खेलने का सपना चूर-चूर हो चुका था.
टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने कुसल मेंडिस का विकेट सस्ते में गंवा दिया. यहां से पथुम निसंका और कुसल परेरा क्रीज पर जम गए. दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 127 रनों की पार्टनरशिप की. कुसल परेरा ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें 8 चौके के अलावा एक सिक्स शामिल रहा. वरुण चक्रवर्ती ने कुसल परेरा को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद भारत ने चरिथ असलंका और कामिंदु मेंडिस के विकेट भी झटक लिए. लेकिन निसंका ने शतक जड़कर मैच को रोमांचक बना दिया.
पथुम निसंका ने 7 चौके और 6 छक्के की मदद से 58 गेंदों पर 107 रन बनाए. आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 12 रन बनाने थे. हर्षित राणा के उस ओवर में पहली गेंद पर निसंका आउट हो गए. अगली गेंद पर जनिथ लियानागे ने 2 रन लिए. जबकि तीसरी गेंद पर उन्होंने बाई के तौर पर एक रन लिया. चौथी गेंद पर दासुन शनाका ने दो रन लिए, वहीं पांचवीं गेंद को उन्होंने चौके के लिए भेजा. आखिरी गेंद पर श्रीलंका को 3 रन बनाने थे, लेकिन शनाका दो रन ही बना सके और मैच सुपर ओवर में गया.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने पांच विकेट पर 202 रन बनाए थे. भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने शुभमन गिल का विकेट सस्ते में गंवा दिया. हालांकि शुभमन के आउट होने का असर अभिषेक शर्मा पर नहीं पड़ा. अभिषेक ने सात चौके और दो छक्के की मदद से 22 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली. मौजूदा एशिया कप में अभिषेक शर्मा का ये लगातार तीसरा फिफ्टी प्लस स्कोर रहा. अभिषेक ने कुल मिलाकर 31 गेंदों पर 61 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 8 चौके और दो छक्के लगाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने निराश किया और वो सिर्फ 12 रन बना सके. अभिषेक और सूर्यकुमार के बीच दूसरे विकेट के लिए 59 रनों की पार्टनरशिप हुई.
