मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, अवैध कब्जों, पेंशन, आवास, विद्युत, पेयजल, सड़क, पुलिस, विकास कार्यों तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों में अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का बारीकी से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी शिकायत का समाधान मौके पर संभव हो तो उसे तत्काल कराया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आम नागरिकों को न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करने का प्रयास करें।
जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और प्राप्त शिकायतों के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए और निस्तारण की सूचना शिकायतकर्ता को भी समय पर उपलब्ध कराई जाए@शांतनु/INN
