भारत के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के बेंगलुरु स्थित मुख्यालय को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। धमकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद पूरे परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया। घटना के चलते वैज्ञानिकों और कर्मचारियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की। शुरुआती जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ISRO मुख्यालय के आधिकारिक ईमेल पर बम की धमकी वाला संदेश प्राप्त हुआ था। इसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए और पूरे परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। साथ ही मुख्यालय और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। फिलहाल पुलिस धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
