मुरादाबाद। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान एसपी ग्रामीण ने स्पष्ट कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन को त्वरित और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि थाना स्तर पर आयोजित जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही महिला हेल्पडेस्क को सक्रिय एवं संवेदनशील बनाते हुए महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ितों को पुलिस कार्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े।

एसपी ग्रामीण ने कहा कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर ही संभव है, उनका निस्तारण वहीं समयबद्ध तरीके से कराया जाए। किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को दर्ज कर संबंधित थाना प्रभारियों एवं विवेचना अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए@जफर/INN
