मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में शुक्रवार को जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। इस दौरान विभिन्न प्रकार के राजस्व, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध तथा अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान थाना प्रभारियों ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन शिकायतों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर तत्काल किया जाए, जबकि अन्य मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को प्रगति से अवगत कराया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास कायम रखने के लिए जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

एसएसपी ने महिला संबंधी मामलों, वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों तथा कमजोर वर्गों से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों से कहा गया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखें और कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनपद के सभी थानों पर आयोजित जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए, जिससे आमजन को थाने स्तर पर ही बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध हो सके।@शांतनु/INN
