मुरादाबाद। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए नकली कॉपर वायर बेचकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कारों में भरा भारी मात्रा में नकली कॉपर वायर स्क्रैप, अवैध असलहे, फर्जी आधार कार्ड और नकदी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह कई जिलों में इसी तरह लोगों को ठग चुका है।
पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर निवासी स्क्रैप कारोबारी नीरज बरनवाल ने थाना सिविल लाइंस में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपने साथी रवि जायसवाल के साथ उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) का स्क्रैप ठेकेदार बनकर आए कुछ लोगों से करीब 1200 किलोग्राम कॉपर वायर स्क्रैप का सौदा 5.30 लाख रुपये में किया था। बाद में जांच करने पर पता चला कि तार के बाहरी हिस्से पर केवल तांबे की परत लगाई गई थी, जबकि अंदर सीमेंट भरा हुआ था। पूरे माल में मात्र लगभग 20 किलोग्राम ही वास्तविक कॉपर निकला।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। विवेचना और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर अगवानपुर रोड स्थित निर्माणाधीन बाईपास पुल के पास से भूरा अली, जाने आलम और इकबाल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे निर्माणाधीन फैक्ट्रियों और भवनों से कॉपर वायर चोरी करते थे। तारों के अंदर से तांबा निकालकर उसमें सीमेंट भर देते थे और किनारों पर असली कॉपर लगाकर उसे असली स्क्रैप के रूप में कबाड़ी कारोबारियों को बेच देते थे। पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करते थे तथा पकड़े जाने या विरोध होने पर लोगों को डराने के लिए अवैध तमंचे साथ रखते थे।
भारी मात्रा में बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कारें (मारुति ब्रेजा और किया सोनेट), 128 बंडल नकली कॉपर वायर स्क्रैप, दो असली और तीन फर्जी आधार कार्ड, 1800 रुपये नकद, तीन अवैध .315 बोर तमंचे तथा छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों पर मुरादाबाद, बाराबंकी और बदायूं सहित विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र गिरि, संजय कुमार, आशीष कुमार सहित थाना सिविल लाइंस के पुलिसकर्मी शामिल रहे@शांतनु/INN
