मुरादाबाद। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के समक्ष अपनी समस्या लेकर पहुंचीं ममता देवी ने बताया कि उनके पति कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। लंबे समय से चल रहे उपचार एवं आर्थिक तंगी के कारण परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। उपचार का खर्च वहन करना कठिन होने के साथ-साथ परिवार को खाद्य सामग्री की व्यवस्था करने में भी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में ममता देवी का परिवार अंत्योदय योजना के लिए पात्र पाया गया, जिसके उपरांत उनका अंत्योदय राशन कार्ड जारी कराया गया, ताकि परिवार को नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।
इसके अतिरिक्त, कैंसर पीड़ित पति के समुचित एवं निःशुल्क उपचार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुष्मान कार्ड भी तत्काल जारी कराया गया, जिससे उन्हें योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा प्राप्त हो सके।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं ममता देवी को अंत्योदय राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड प्रदान किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की अन्य पात्र जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
ममता देवी ने समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को उपचार अथवा आजीविका के अभाव में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े@शांतनु/INN
