मुरादाबाद। जनपद में पंडित नगला बाईपास (मुरादाबाद–चंदौसी मार्ग) स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग संख्या 1ए पर सड़क निर्माण कार्य के कारण रविवार, 19 जुलाई 2026 को विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार रामपुर और बरेली की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहन हनुमान मूर्ति चौराहे की ओर नहीं जाएंगे। ऐसे वाहन काशीपुर दोराहा से जीरो प्वाइंट दलपतपुर होते हुए एनएच-09 मुरादाबाद बाईपास के रास्ते पुराने टोल प्रथम एवं द्वितीय होकर कोहिनूर, आजादनगर और ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचेंगे।
इसी प्रकार बिलारी, मैनाठेर और संभल की ओर से हनुमान मूर्ति की ओर आने वाले वाहन कोहिनूर मार्ग की बजाय पुराने टोल प्रथम, संभल कट (स्वाद कट) से एनएच-09 पर होते हुए जीरो प्वाइंट दलपतपुर और काशीपुर दोराहा के रास्ते हनुमान मूर्ति पहुंचेंगे।
वहीं मुरादाबाद से संभल, बिलारी, चंदौसी और अलीगढ़ जाने वाली रोडवेज एवं प्राइवेट बसों का संचालन भी परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। ये बसें लाजपत नगर रोडवेज से हनुमान मूर्ति तिराहा, काशीपुर तिराहा, जीरो प्वाइंट दलपतपुर, एनएच-09 मुरादाबाद बाईपास तथा पुराने टोल प्रथम एवं द्वितीय होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि सड़क निर्माण कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से बंद मार्गों पर जाने से बचें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इससे निर्माण कार्य भी समय पर पूरा होगा और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी@जफर/INN
