मुरादाबाद। शहर के चर्चित ScholarDen कोचिंग संस्थान को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक नोटिस और उससे जुड़े पोस्टर्स में दावा किया गया है कि वासुदेव कॉम्प्लेक्स के भवन स्वामी डॉ. संदीप बंसल ने संस्थान के संचालक विवेक ठाकुर को 23 मई 2026 को व्यावसायिक लीज समाप्त करते हुए 23 अगस्त 2026 तक भवन खाली करने का नोटिस जारी किया था। पोस्टर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद अभिभावकों को यह विश्वास दिलाया जा रहा है कि संस्थान का पांच वर्ष का एग्रीमेंट है और कोचिंग पूर्ववत संचालित होती रहेगी।

पोस्टर में अभिभावकों से स्वयं तथ्य परखने की अपील करते हुए कई बिंदु उठाए गए हैं। इनमें दावा किया गया है कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) द्वारा कोचिंग संचालन को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही यह भी कहा गया है कि संस्थान के पास अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा शिक्षा विभाग की आवश्यक अनुमति उपलब्ध नहीं है। पोस्टर में यह भी उल्लेख है कि भवन स्वामी द्वारा 23 अगस्त 2026 तक परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया है।
वायरल पोस्टर में अभिभावकों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा गया है कि वे किसी भी दावे पर विश्वास करने से पहले सभी तथ्यों की स्वतंत्र रूप से जांच करें और अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लें। पोस्टर में सवाल उठाया गया है कि यदि भवन खाली करने का नोटिस और अन्य प्रशासनिक कार्रवाइयों के दावे सही हैं, तो फिर संस्थान के भविष्य को लेकर अलग-अलग बातें क्यों कही जा रही हैं।
हालांकि, इन दावों पर ScholarDen संस्थान या उसके संचालक विवेक ठाकुर की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। संबंधित आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो सकी है। यदि संस्थान की ओर से कोई स्पष्टीकरण प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा@शांतनु/INN
