मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक ऐहमान हसन उर्फ रितिक की निर्मम हत्या के मामले का भोजपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरी और लोहे की मूसली भी बरामद कर ली है। जबकि घटना में शामिल तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय अभिसूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना का सफल अनावरण किया। पुलिस ने तनवीर पुत्र छोटे उर्फ अमीरुल हसन तथा मोहम्मद फैज पुत्र अकरम, दोनों निवासी बरबलान, थाना मुगलपुरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
घर से बुलाकर कारखाने में ले गए
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई की रात करीब 11 बजे आरोपी पहले मृतक रितिक के घर पहुंचे। वहां से उसे अपने साथ ताजपुर माफी स्थित एक कारखाने में ले गए। अगले दिन रात पुलिस को सूचना मिली कि कारखाने में एक युवक की हत्या कर दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान बरबलान निवासी ऐहमान हसन उर्फ रितिक के रूप में हुई।
15 दिन पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि रितिक और उनके बीच करीब 15 दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में लगातार तनाव बना हुआ था। आरोपियों का कहना है कि रितिक ने तनवीर के पिता के साथ भी मारपीट की थी और वह तीनों को जान से मारने की धमकी देता था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने हत्या की योजना बनाई।
बीयर पार्टी के दौरान हुआ विवाद, फिर कर दी हत्या
गिरफ्तार आरोपियों के अनुसार, कारखाने में पहुंचने के बाद चारों ने साथ बैठकर बीयर पी। इसी दौरान दोबारा विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि रितिक ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने छुरी से रितिक का गला रेत दिया और उसकी मौत हो जाने के बाद मौके पर ही हथियार छोड़कर कारखाने का गेट बंद कर फरार हो गए।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
मृतक के पिता मेर्जुर्रहमान ने भोजपुर थाने में तहरीर देकर फैज, तनवीर और एसपी पठान को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की और 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आलाकत्ल बरामद, तीसरे आरोपी की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक छुरी और एक लोहे की मूसली बरामद की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी एसपी पठान की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
एसएसपी ने पुलिस टीम की सराहना
इस हत्याकांड के त्वरित अनावरण पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भोजपुर पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा@जफर/INN
