मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक स्थित रामगंगा नदी में बुधवार को नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद फैज और अद्दू रामगंगा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने फैज को नदी से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरे किशोर अद्दू का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका। उसकी तलाश में पुलिस और गोताखोर लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं।

बताया जा रहा है कि मृतक मोहम्मद फैज के पिता ऑटो चालक हैं और फैज परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और अद्दू की तलाश के साथ आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है@शांतनु/INN
