मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के स्थापना के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा” के अंतर्गत जनपद स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माटीकला से जुड़े कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों को बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य रामगोपाल उर्फ गोपाल अंजान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारंपरिक माटीकला को नई पहचान दिलाने के साथ आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता के माध्यम से इस क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कारीगरों से बोर्ड की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माटीकला टूल-किट्स वितरण योजना, माटीकला रोजगार योजना, माटीकला शिल्पकारी योजना तथा कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) योजना के माध्यम से कारीगरों को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग तथा विपणन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के निवर्तमान अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला प्रजापति मौजूद रहे। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के डीसी, रविन्द्र जैन, फाइन आर्ट विशेषज्ञ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे@शांतनु/INN
