भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह निजी कारणों को बताया है। हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है।
इस्तीफे की अटकलों के बीच शहजाद पूनावाला ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल में भी अहम बदलाव किया है। उन्होंने अपने बायो से भाजपा का उल्लेख हटा दिया है। हालांकि, उन्होंने खुद को अब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “लाइफटाइम सपोर्टर” (जीवनभर का समर्थक) बताया है। जानकारी के मुताबिक, यह बदलाव उन्होंने गुरुवार को किया, लेकिन इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की।
शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर उठे विवाद के बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया था। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई और वे पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए।
टीवी डिबेट, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया पर शहजाद पूनावाला भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखर समर्थक के रूप में जाने जाते रहे हैं। उन्होंने कई मौकों पर कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी, पर तीखे राजनीतिक हमले किए। फिलहाल उनके इस्तीफे को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हैं, लेकिन उनके अगले कदम को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
