मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देशानुसार जनपद में 03 अगस्त से 07 अगस्त 2026 तक सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों तथा मदरसों में स्कूल आधारित टीडी (टिटनेस-डिप्थीरिया) टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों को टिटनेस एवं डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखना है।
इस अभियान के अंतर्गत 05 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 10 वर्ष तक के बच्चों तथा कक्षा-10 में अध्ययनरत लगभग 16 वर्ष आयु के विद्यार्थियों को टीडी का टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें विद्यालयों में पहुंचकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टीकाकरण करेंगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य अभियान को प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।
साथ ही विभागीय अधिकारी जिला, ब्लॉक एवं विद्यालय स्तर पर बैठकें आयोजित कर टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक (Parent-Teacher) बैठक आयोजित कर अभिभावकों को टीडी टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जाए। साथ ही विद्यालयों में प्रार्थना सभा, रैली, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि टीकाकरण दिवस पर विद्यालयों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा टीकाकरण हेतु चिन्हित सभी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे@शांतनु/INN
