उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस के दिन बड़ा सड़क हादसा हो गया। सरसावा थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में ITBP के डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, डीआईजी परमिंदर सिंह अपने ड्राइवर और एक जवान के साथ मसूरी में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद स्कॉर्पियो से अंबाला लौट रहे थे। सरसावा के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने डीआईजी परमिंदर सिंह और ड्राइवर रवि शंकर को मृत घोषित कर दिया। घायल जवान का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम और एसएसपी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच की जा रही है।
