चंडीगढ़ में बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर शनिवार को कौमी इंसाफ मोर्चा ने बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी राजभवन की ओर कूच कर रहे थे, इसी दौरान शिरोमणि अकाली दल के नेता और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान भी राजभवन के पास पहुंच गए।
सिमरनजीत सिंह मान घायल मरीज का रूप बनाकर एक गाड़ी से राजभवन की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने चेहरे पर पट्टियां बांध रखी थीं। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और गाड़ी को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने उनकी पहचान कर ली, जिसके बाद सिमरनजीत सिंह मान को मौके से हिरासत में ले लिया गया। राजभवन के आसपास पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी देखने को मिली। पुलिस प्रशासन ने राजभवन की सुरक्षा को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की थी।
