मुरादाबाद। फलाहे दारैन इंटर कॉलेज, मुरादाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश, जज़्बे और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह का आगाज़ निर्धारित समय पर कॉलेज प्रबंधक शहज़ाद अनवर शम्सी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर देशभक्ति के जज़्बे से सराबोर नजर आया।
इसके बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह का विधिवत आगाज़ नाते पाक से हुआ। कॉलेज के छात्रों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता से ओतप्रोत विभिन्न प्रस्तुतियां पेश कीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और मुल्क की तरक्की का पैगाम देखने को मिला।
कार्यक्रम की सदारत नायब मैनेजर अशरफ अज़ीम शम्सी ने की, जबकि संचालन अरशद अली ने किया। समारोह में कॉलेज की मैनेजिंग कमेटी की ओर से मैनेजर शहज़ाद अनवर शम्सी, नायब मैनेजर अशरफ अज़ीम शम्सी, मोहम्मद उज़ैर शम्सी, विक़ार अहमद शम्सी, शम्सुर रहमान शम्सी और मोहम्मद ज़ुबैर शम्सी ने शिरकत की। इसके अलावा कॉलेज के प्रिंसिपल इरशाद हुसैन, समस्त शिक्षकगण एवं छात्र मौजूद रहे।
इस मौके पर वक्ताओं ने आज़ादी की जद्दोजहद में अपनी जान की कुर्बानी देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। उन्होंने कहा कि आज़ादी बड़ी कुर्बानियों के बाद हासिल हुई है और इसकी हिफाज़त करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। नई नस्ल को चाहिए कि वह मुल्क की एकता, अखंडता, अमन और भाईचारे को मजबूत करने के साथ देश की तरक्की में अपना किरदार अदा करे।
समारोह में छात्रों की विभिन्न प्रस्तुतियों को मौजूद लोगों ने खूब सराहा और उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में मुल्क में अमन, खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में स्वतंत्रता दिवस का जज़्बा और देशभक्ति का माहौल बना रहा@शांतनु/INN
