मुरादाबाद। खत्री सभा (रजि.), मुरादाबाद द्वारा संचालित राजर्षि पब्लिक स्कूल, मोहल्ला बाजीगरान स्थित खत्री विनोद खन्ना भवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा साहेब एवं उपस्थित शिक्षिकाओं द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना व्यक्त की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर को तिरंगे रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे विभिन्न देशभक्ति परिधानों में हाथों में तिरंगा झंडा एवं तिरंगी टोपियां लेकर बेहद मनमोहक नजर आए। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना को प्रदर्शित किया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षिकाओं का मन मोह लिया और सभी ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा साहेब ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त भारतीय इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। वर्षों की गुलामी के बाद देश को ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्त करना आसान नहीं था। देश के अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने सुख, आराम और जीवन का त्याग कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वतंत्र भारत का सपना साकार किया। हमें उनके बलिदान को सदैव याद रखते हुए देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए अपना योगदान देना चाहिए।

समारोह के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा साहेब द्वारा स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद बच्चों को फल एवं मिठाई का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर “जय जवान, जय किसान”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
समारोह को सफल बनाने में प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा साहेब के साथ रेखा टंडन, कोमल टंडन, अंजू मेहरोत्रा, निशा माथुर, नबिहा खान, शुमालिया मिर्जा, मन्तशा खान, पूजा वर्मा, पूजा रस्तोगी, लाइबा, तामिया, वैष्णवी, वंशिका, हिमानी, शाह बानो आदि का विशेष योगदान रहा@शांतनु/INN
