मुरादाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन भानू के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसानों ने शनिवार को नगर पंचायत भोजपुर-धर्मपुर में भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री नूर मोहम्मद चौधरी ने किया। रैली में बड़ी संख्या में किसान नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए।

तिरंगा हाथों में लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली झादेवाला से शुरू होकर घास मंडी, नावपुर शिव मंदिर होते हुए ब्लॉक परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

इसके बाद ब्लॉक परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगे लहराए। किसानों और कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का खासा उत्साह दिखाई दिया।

इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
रैली में भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह बिश्नोई, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री नूर मोहम्मद, उत्तर प्रदेश महासचिव नईम चौधरी, यूपीका हैंडलूम के डायरेक्टर हाजी शराफत अंसारी, ब्लॉक अध्यक्ष एजाज अहमद, रिजवान मेट, समाजसेवी एहसान शेख, असलम तहसील अध्यक्ष, मोहम्मद शाकिर चौधरी, नफीस अहमद, शकील अहमद, अनीस अहमद, सज्जाद अली पूर्व सभासद और सईद अहमद सहित बड़ी संख्या में किसान नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देने वाला दिन है। उन्होंने सभी लोगों से देश की एकता, भाईचारे और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया@ जफर/INN
