मुरादाबाद। स्वतंत्रता दिवस हमें इस बात की प्रेरणा देता है कि यह आजादी बेहद मुश्किलों और अनगिनत संघर्षों के बाद प्राप्त हुई है, जिसे अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को निरंतर प्रयास करना चाहिए। यह विचार मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश सैयद माऊज बिन आसिम ने दि बार एसोसिएशन एण्ड लाइब्रेरी मुरादाबाद के सभागार में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट की अध्यक्षता एवं महासचिव कपिल गुप्ता एडवोकेट के कुशल संचालन में आयोजित इस समारोह में गरिमामय वातावरण के बीच ध्वजारोहण किया गया और वक्ताओं ने देश की स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार रखे।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद जनपद न्यायाधीश (लारा कोर्ट) जैगमउद्दीन ने अपने संबोधन को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि हर व्यक्ति को यह प्रयास करना चाहिए कि वह जिस क्षेत्र और पद पर कार्य कर रहा है, उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे ताकि देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने में योगदान दिया जा सके। इसके उपरांत बार अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि असंख्य बलिदानों से मिली इस आजादी को सहेज कर रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है और न्यायपालिका के आधारस्तंभ के रूप में अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करें। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं व नन्हे बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष प्रभात गोयल, आदेश श्रीवास्तव, हाजी अमीरुल हसन जाफरी, पूर्व महासचिव राकेश जौहरी, आदित्य श्रीवास्तव, अभिषेक भटनागर, राकेश कुमार वशिष्ठ, अंजार हुसैन, अजय बंसल, पुनीत चौहान, सचिन शर्मा, आवरण अग्रवाल, जितेंद्र प्रताप सिंह जेपी, रमा पांडेय, शिव कुमार गौतम, सुरेश सिंह, आशीष उपाध्याय, अनिल गुप्ता, पंकज शर्मा, फिरोज आलम, सुनील सक्सेना, सचिन कुमार, अकरम, सुरबेंद्र पाल, विनय कुमार खन्ना, मुकेश भारद्वाज, मुकेश वर्मा, गिरीश चंद्र जैकबाल, जुनैद एजाज एवं राम मोहन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे@शांतनु/INN
