बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए नेताओं में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर शामिल हैं।
वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। संगठन में राष्ट्रीय सह महामंत्री के तौर पर शिवप्रकाश और सौदान सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी की नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए हैं। इनमें विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं।
बीजेपी की इस नई संगठनात्मक टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों और महिलाओं को भी जगह दी गई है। साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश के कई नेताओं को भी राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।
पार्टी के लिहाज से यह बदलाव अहम माना जा रहा है, क्योंकि 2027 में उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में नई टीम के जरिए बीजेपी ने संगठन को चुनावी मोड में मजबूत करने का संकेत दिया है।
