कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम को लेकर उठे विवाद पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर तीखा पलटवार किया है। खरगे ने साफ कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम को लेकर कुछ भी गलत नहीं किया और पार्टी वर्षों से इसी परंपरा के अनुसार राष्ट्रगीत गाती आ रही है।
खरगे ने बीजेपी की ओर से शिकायत दर्ज कराने की बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किस आधार पर शिकायत की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वही वंदे मातरम गाया, जिसे महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल भी गाते रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर इस तरह वंदे मातरम गाना अपराध है, तो क्या उन सरकारों के कार्यकाल पर भी सवाल उठाया जाएगा, जिनके दौरान इसी तरह राष्ट्रगीत गाया जाता रहा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को इतिहास की सही जानकारी नहीं है और कांग्रेस लंबे समय से वंदे मातरम से जुड़ी परंपरा का पालन करती रही है।
खरगे ने यह भी कहा कि किसी सरकार या राजनीतिक दल के बयान को कानून नहीं माना जा सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भविष्य में कोई दूसरी सरकार अलग फैसला लेती है, तो क्या उसे भी कानून मान लिया जाएगा।
दरअसल, 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में हुए कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हुआ था। बीजेपी ने आरोप लगाया कि वंदे मातरम को पूरा गाने से रोका गया। इसी मुद्दे पर कांग्रेस लगातार विपक्ष के निशाने पर है। खरगे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस दशकों से इसी तरह वंदे मातरम गाती रही है।
