मुरादाबाद। जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया द्वारा मंगलवार को मुरादाबाद शहर स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों, परिसर, छात्रावास, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की संख्या, शिक्षण व्यवस्था, उपस्थिति तथा विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से भी संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं और किसी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने, पेयजल, भोजन, शौचालय, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वोदय विद्यालयों का उद्देश्य जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

ऐसे विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और व्यक्तित्व विकास के अवसर भी उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालय की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए@शांतनु/INN
