मुरादाबाद। जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया और उनके समाधान की मांग की।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, नगर निकाय, सड़क, जल निकासी, पेंशन, राशन, पुलिस तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों की प्रकृति के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारी शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न करें, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को राहत दिलाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की भी जांच की जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन सुनिश्चित करते हुए आमजन को राहत पहुंचाई जाए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे@शांतनु/INN
