मुरादाबाद। रिहायशी इलाके में संचालित शराब की दुकान के विरोध में मंगलवार को एकता कॉलोनी में माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं, अभिभावक और शिक्षक सड़क पर उतर आए। हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर बच्चों ने शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों की शिकायतें सुनीं।

मामला मझोला थाना क्षेत्र की एकता कॉलोनी का है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अचानक बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और महिलाएं सड़क पर जमा हो गए। बच्चों के हाथों में शराब की दुकान हटाने की मांग वाले पोस्टर और बैनर थे। देखते ही देखते प्रदर्शन में स्थानीय अभिभावक और स्कूल के शिक्षक भी शामिल हो गए।
घनी आबादी में दुकान को लेकर लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी के बीच शराब की दुकान संचालित होने से क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि रिहायशी क्षेत्र से शराब की दुकान को हटाया जाए।

महिलाओं का आरोप था कि शराब की दुकान के आसपास अक्सर लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में घरों से निकलने वाली महिलाओं और स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और कॉलोनी के शांतिपूर्ण माहौल को देखते हुए दुकान के संचालन की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

बच्चों के बीच पहुंचे डीएम, खुद संभाला लाउडस्पीकर
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेसिया मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में बच्चों और महिलाओं को सड़क पर प्रदर्शन करते देख डीएम ने खुद लाउडस्पीकर संभाला और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है।

डीएम ने मौके पर आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया। जिला आबकारी अधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने पहुंचकर शराब की दुकान और मौके की स्थिति का जायजा लिया। मझोला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। मंडी समिति चौकी प्रभारी आनंदपाल सिंह भी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।

जांच के बाद तय होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि शराब की दुकान से संबंधित शिकायतों की नियमानुसार जांच कराई जाएगी। दुकान के संचालन, स्थान और अन्य संबंधित बिंदुओं की जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम डॉ. राजेंद्र पेसिया ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया@शांतनु/INN
