मुरादाबाद। अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने गुरुवार को नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा गोशाला का औचक निरीक्षण किया। गोशाला में साफ-सफाई, रखरखाव और व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और नगर निगम की कार्यप्रणाली की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने गोशाला की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। गोशाला में पशुओं के रखरखाव, साफ-सफाई और प्रबंधन व्यवस्था को उन्होंने संतोषजनक पाया। उन्होंने कहा कि गोशाला का बेहतर संचालन और सुव्यवस्थित रखरखाव अनुकरणीय है।
अपर मुख्य सचिव ने नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के नेतृत्व में गोशाला के संचालन की विशेष रूप से प्रशंसा की। बताया गया कि नगर आयुक्त स्वयं समय-समय पर गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करते हैं। नियमित निगरानी के चलते गोशाला की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी उन्होंने टीम की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान मुकेश मेश्राम ने गोशाला में तैनात कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। कर्मचारियों के समर्पण भाव को देखते हुए उन्होंने उनका उत्साहवर्धन भी किया।
अपर मुख्य सचिव ने नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल समेत नगर निगम की पूरी प्रशासनिक टीम के कार्यों की खुलकर प्रशंसा करते हुए गोशाला के संचालन को अनुकरणीय बताया। उन्होंने व्यवस्थाओं को इसी प्रकार बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया@शांतनु/INN
