दोहा से बेंगलुरु जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 1302 को गुरुवार सुबह पायलट की अचानक तबीयत खराब होने के बाद मस्कट डायवर्ट करना पड़ा। एहतियाती कदम उठाते हुए विमान की मस्कट एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
लैंडिंग के बाद बीमार पायलट को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। एयरलाइन के मुताबिक, फिलहाल पायलट की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए IndiGo ने वैकल्पिक इंतजाम किए हैं।
यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से मस्कट दूसरा विमान और नई क्रू टीम भेजने की तैयारी की गई है। इसके बाद यात्रियों की यात्रा बेंगलुरु तक पूरी कराई जाएगी।
लखनऊ में Air India की फ्लाइट की भी कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
इसी बीच गुरुवार सुबह वाराणसी से दिल्ली जा रही Air India की फ्लाइट IX-1253 को भी लखनऊ एयरपोर्ट पर एहतियातन उतारा गया। उड़ान के दौरान विमान के आफ्ट कार्गो कंपार्टमेंट में धुआं होने का संकेत मिलने के बाद पायलट ने विमान का रुख लखनऊ की ओर कर दिया।
फ्लाइट ने सुबह करीब 8:52 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में 155 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
जांच में नहीं मिला धुआं
विमान के लखनऊ पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट कर दिया गया था। लैंडिंग के बाद टीम ने विमान और कार्गो कंपार्टमेंट की जांच की, लेकिन कहीं भी धुआं दिखाई नहीं दिया।
इसके बाद विमान को स्टैंड पर पार्क किया गया और यात्रियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया करीब 9:02 बजे शुरू हुई। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
