अमरोहा,03 सितंबर। बरसात के मौसम में जंगलों से निकलकर वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख करने की बढ़ती आशंका को देखते हुए अमरोहा जिला प्रशासन ने मानव-वन्यजीव संघर्ष टालने के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) धीरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने और ग्रामीणों को जागरूक करने के सख्त निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव दिखने पर विडियो या फोटो खींचने, भीड़ जुटाने, उन्हें घेरने या उकसाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दी जाए।
अपर जिलाधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्षा ऋतु में जलभराव के कारण प्राकृतिक आवासों से निकलकर तेंदुओं व अन्य वन्यजीवों का खेतों और रिहाइशी इलाकों में आना आम बात है, इसलिए जंगल से सटे गांवों के लोग अकेले निकलने के बजाय समूहों में ही आवागमन करें।
इस समस्या से निपटने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से संवेदनशील गांवों में मुनादी कराने, सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाने और स्कूलों में बच्चों को वन्यजीवों से सुरक्षा के नियम सिखाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि वन्यजीव की किसी भी सूचना पर तुरंत प्रशिक्षित टीमों को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मानव जीवन और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा हो सके@MP SINGH/INN
