उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज रामपुर जाएंगे. अखिलेश यादव रामपुर में पूर्व मंत्री और सपा महासचिव आजम खान से मुलाकात करेंगे. जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद आजम खान की सपा के किसी बड़े नेता के साथ यह पहली मुलाकात होगी.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक चार्टर प्लेन से बरेली पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से रामपुर जाएंगे. रामपुर में अखिलेश सीधे आजम खान से मिलने जाएंगे, जो स्थापना के समय से ही सपा से जुड़े रहे. आजम के साथ अखिलेश की मुलाकात का कार्यक्रम करीब घंटेभर का है.
सपा प्रमुख वरिष्ठ नेता की सेहत का हाल जानने के साथ ही गिले-शिकवे भी दूर करेंगे. अखिलेश बरेली की घटना के संबंध में भी जानकारी लेंगे. अखिलेश के कार्यक्रम को लेकर बरेली और रामपुर का जिला प्रशासन अलर्ट है. प्रशासन ने अखिलेश के दौरे को देखते हुए तीन मजिस्ट्रेट की तैनाती की है. सुरक्षा के लिए सीओ स्तर के अधिकारी की तैनाती की गई है. आजम खान से अखिलेश यादव की इस मुलाकात के सियासी मायने भी निकाले जाने लगे हैं.
आजम खान 23 महीने बाद 23 सितंबर को जमानत पर जेल से बाहर आए थे. इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर जेल के बाहर आए आजम को रिसीव करने उनके बड़े बेटे अदीब अपने समर्थकों के साथ सीतापुर जेल पहुंचे थे. न तो रिहाई के मौके पर, ना ही रिहाई को बाद आजम से मिलने सपा का कोई बड़ा नेता पहुंचा. आजम की नाराजगी समय-समय पर बयानों के जरिये भी झलकती रही है.
