भोजपुर। थाना क्षेत्र के गांव गोदी हमीरपुर में बुधवार को दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि गांव में पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण स्थल के आसपास बने गड्ढों में बारिश का पानी भर गया था। बुधवार को मोहम्मद अली पुत्र नसरत, उम्र करीब तीन वर्ष, खेलते-खेलते अचानक घर से बाहर निकल गया। इसी दौरान वह किसी तरह निर्माण स्थल के पास पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा।
परिजनों को काफी देर तक बच्चे के घर से बाहर होने की जानकारी नहीं हो सकी। परिवार और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे रहे। कई घंटे बाद निर्माण स्थल के पास पानी से भरे गड्ढे में बच्चे का शव तैरता दिखाई दिया। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। परिजनों ने फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया है। मासूम की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है@जफर/INN
