मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देशन में विद्युत विभाग द्वारा जनपद मुरादाबाद में विद्युत चोरी एवं कटियामारी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्युत चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के साथ-साथ हाई लाइन लॉस वाले फीडरों पर लाइन लॉस को न्यूनतम करना और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाना है।
जनपद के विद्युत वितरण मंडल-प्रथम एवं विद्युत नगरीय वितरण मंडल, मुरादाबाद के अंतर्गत चिन्हित 11 हाई लाइन लॉस फीडरों को अभियान में विशेष रूप से शामिल किया गया है। अगस्त एवं सितम्बर 2026 में अब तक जिला प्रशासन, विजिलेंस टीम तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चेकिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान करीब 8000 उपभोक्ताओं एवं गैर-उपभोक्ताओं के परिसरों का निरीक्षण किया गया। सघन जांच में 418 मामलों में विद्युत चोरी पकड़ी गई। इन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल ₹376.58 लाख का राजस्व निर्धारण किया गया। इसके अतिरिक्त चोरी में पाए गए परिसरों पर 543.5 किलोवाट का संयोजित भार भी चिन्हित किया गया।
हाई लाइन लॉस फीडरों पर विशेष निगरानी
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि विद्युत चोरी एवं कटियामारी से विद्युत वितरण व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ लाइन लॉस में भी वृद्धि होती है। ऐसे में हाई लाइन लॉस वाले फीडरों पर विशेष फोकस करते हुए चेकिंग, निगरानी और प्रवर्तन की कार्रवाई को विद्युत विभाग द्वारा लगातार तेज किया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं हाई लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में नियमित रूप से संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जाए। विद्युत चोरी का कोई भी मामला सामने आने पर नियमानुसार तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऐसे क्षेत्रों को लगातार चिन्हित किया जाए, जहां विद्युत चोरी अथवा अनधिकृत विद्युत उपभोग की संभावना अधिक है।
विद्युत चोरी के विरुद्ध अभियान रहेगा निरंतर जारी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान पकड़े गए मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीमें आगे भी हाई लाइन लॉस फीडरों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग जारी रखेंगी।
उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण से न केवल विद्युत विभाग को होने वाली राजस्व क्षति को कम किया जा सकेगा, बल्कि ईमानदारी से विद्युत बिल का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने और विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी@शांतनु/INN
