मुरादाबाद। तहसील ठाकुरद्वारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और ग्रामीण इलाकों में सक्रिय तेंदुओं को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग को एक और सफलता मिली है। रविवार को ग्राम मलकपुर सेमली क्षेत्र में लगाए गए ट्रैप केज में एक तेंदुआ सफलतापूर्वक फंस गया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
तेंदुए की मौजूदगी को लेकर क्षेत्र में लगातार ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की ओर से निगरानी बढ़ाने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर ट्रैप केज लगाए गए हैं। इन पिंजरों के माध्यम से तेंदुओं को सुरक्षित पकड़ने का अभियान लगातार जारी है।
वन विभाग की टीम ने मलकपुर सेमली में ट्रैप केज में तेंदुआ फंसने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया गया। अभियान के दौरान वन विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में गश्त और निगरानी कर रही हैं।
अब तक 14 तेंदुओं का रेस्क्यू
तेंदुओं को रेस्क्यू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अब तक 14 तेंदुओं को ट्रैप केज के माध्यम से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से रेस्क्यू किए गए तेंदुए भी शामिल हैं।
लगातार हो रहे रेस्क्यू से वन विभाग के अभियान को महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है। विभाग की प्राथमिकता तेंदुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़कर मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति को नियंत्रित करना है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसके करीब जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें। खेतों और जंगल के आसपास जाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा तेंदुआ दिखाई देने की स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग की टीमें तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर ट्रैप केज लगाने के साथ निगरानी अभियान को आगे भी जारी रखेंगी@जफर/INN
