मुरादाबाद। हिंदी दिवस के अवसर पर विकास खंड मूंढापांडे के प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर नगली में छात्र-छात्राओं के बीच हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने हिंदी की समृद्धि, उपयोगिता और भारतीय संस्कृति से इसके गहरे जुड़ाव को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में हिंदी वर्णमाला एवं प्रेरक नारों से सुसज्जित पोस्टर लेकर हिंदी के महत्व का संदेश दिया। बच्चों ने मुहावरों पर आधारित रोचक संवाद प्रस्तुत करते हुए “दिन-रात एक करना”, “कमरतोड़ मेहनत करना”, “खून-पसीना एक करना” तथा “निन्यानवे के फेर में पड़ना” जैसे मुहावरों का प्रभावी प्रयोग किया। संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों ने निरंतर अध्ययन, कठिन परिश्रम और समय के सदुपयोग का संदेश दिया।
इस अवसर पर छात्राओं ने चेहरे पर हिंदी वर्णमाला के अक्षर चित्रित कर आकर्षक प्रस्तुति दी तथा हिंदी की महत्ता पर कविता पाठ किया। विद्यार्थियों ने “जन-जन को जो मिलाती है, वह हिंदी भाषा कहलाती है” और “हिंदी से है देश महान, हिंदी है भारत की शान” जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपना गौरव एवं सम्मान व्यक्त किया।

विद्यालय में आयोजित इन गतिविधियों ने बच्चों में भाषाई अभिव्यक्ति, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सार्वजनिक प्रस्तुति के कौशल को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें शुद्ध एवं प्रभावी हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया। गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि हिंदी केवल संवाद की भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और सामाजिक एकता को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी भी है@शांतनु/INN
