मुरादाबाद। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। बाजार गंज घास मंडी से श्री गणेश महोत्सव के तहत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा में भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा को सुसज्जित वाहन पर विराजमान किया गया। श्रद्धालु हाथों में भगवा और धार्मिक ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर युवा जमकर थिरकते नजर आए। महिलाओं और बच्चों में भी शोभायात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालु नाचते-गाते और गणपति के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
शोभायात्रा बाजार गंज घास मंडी से प्रारंभ होकर गुरहट्टी चौराहा, बालाजी मंदिर और बारादरी होते हुए वापस बाजार गंज पहुंची। यात्रा के निर्धारित मार्ग पर जगह-जगह लोगों की भीड़ रही। स्थानीय लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर से भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन किए। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं और शोभायात्रा का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना की। जगह-जगह लोगों ने यात्रा को रोककर भगवान लंबोदर के दर्शन किए। शोभायात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी।
युवाओं में दिखा खासा उत्साह
शोभायात्रा में युवाओं की विशेष भागीदारी रही। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवा नृत्य करते हुए नजर आए। श्रद्धालुओं के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण बाजार गंज, गुरहट्टी चौराहा, बालाजी मंदिर और बारादरी क्षेत्र में काफी चहल-पहल रही।
आयोजन समिति ने संभाली व्यवस्था
श्री गणेश महोत्सव की शोभायात्रा में महोत्सव के संयोजक अनुराग अग्रवाल और अध्यक्ष सचिन अग्रवाल सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने शोभायात्रा की व्यवस्थाओं को संभाला और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा।
शोभायात्रा के चलते प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया।
आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
शोभायात्रा के समापन पर भगवान गणेश की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्री गणेश महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
घरों और पंडालों में भी हुई गणपति की स्थापना
गणेश चतुर्थी को लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने गाजे-बाजे के साथ भगवान लंबोदर की प्रतिमाएं अपने घरों और विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पंडालों में पहुंचाईं। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गणपति की प्रतिमाओं की स्थापना की गई।
प्रतिमा स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए। कई स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं, जहां आगामी दिनों में पूजा-अर्चना, आरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा@शांतनु/INN
