मुरादाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जनपद मुरादाबाद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं और जनहितकारी प्रयासों की जानकारी देने के साथ ही सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत ‘सेवा संवाद’, ‘सेवा चौपाल’, ‘सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी मुरादाबाद सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागीय समन्वय तथा कार्यक्रमों के सफल और प्रभावी आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित करते हुए उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनसेवा और जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बन सके।
बैठक में जिलाध्यक्ष आकाश पाल और महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला ने भी सहभागिता की। इसके अलावा अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (नगर), श्वेतांक पाण्डेय, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला विकास अधिकारी, आरपीओ भगत, उपायुक्त स्वतः रोजगार, दीपांशु सिंह, उपायुक्त उद्योग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे@शांतनु/INN
