मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में 18 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने के आभूषणों की कथित लूट के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि घर में काम करने वाले नौकर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कथित रूप से पूरी साजिश रचकर अंजाम दी थी। घटना को लूट का रूप देने के लिए पुलिस को भी गुमराह करने का प्रयास किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भोजपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को दर्ज मुकदमा संख्या 394/26, धारा 316(4), 3(5) बीएनएस के तहत जांच के दौरान घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। शिकायतकर्ता और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच का आधार बनाया गया।
जांच आगे बढ़ी तो घटना की कहानी में कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे पुलिस का संदेह घर में काम करने वाले नौकर पर गहराने लगा। पूछताछ में पुलिस के सामने कथित साजिश की परतें खुलती चली गईं। पुलिस के अनुसार नौकर शंकर ने अपने साथी मनीष और हर्ष के साथ मिलकर नकदी और आभूषणों को घर से निकालने की योजना बनाई और बाद में इसे अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई लूट बताने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 5 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके साथ ही तीन सोने के हार और एक माथे का टीका बरामद हुआ, जिनका कुल वजन करीब 107.21 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा दो सफेद धातु के आभूषण भी पुलिस के हाथ लगे हैं। बरामद सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 13.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में शंकर, मनीष और हर्ष को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कहीं किसी अन्य वारदात को तो अंजाम नहीं दिया है।
खुलासे में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल रवि कुमार, कांस्टेबल प्रवेश कुमार, समीर तोमर और जितेंद्र कुमार सहित एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जांच में तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और मौके से मिले तथ्यों को आपस में जोड़कर वास्तविकता तक पहुंचा गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद जिस मामले को बड़ी लूट की घटना माना जा रहा था, उसकी सच्चाई सामने आ गई है और कथित रूप से साजिश में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है@जफर/INN
