भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा राजनयिक विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के चार्ज डी’अफेयर्स को तलब कर समुद्र में हुई एक गंभीर घटना को लेकर आपत्ति जताई।
विदेश मंत्रालय के सामने रखी गई आपत्ति में पाकिस्तानी नौसेना की यूनिट्स के व्यवहार को अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर बताया गया। मंत्रालय के मुताबिक, इसी व्यवहार के चलते भारतीय नौसेना की एक यूनिट के साथ टक्कर की घटना हुई। भारत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान के प्रतिनिधि के सामने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में हुई इस घटना से फिलहाल किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है। हालांकि, भारत के मुताबिक पाकिस्तानी नौसेना के जहाज का आचरण दोनों देशों के बीच अप्रैल 1991 में हुए समझौते के प्रावधानों के खिलाफ था। यह समझौता सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही से जुड़ी गतिविधियों की पूर्व सूचना देने से संबंधित है। भारत ने इसे समझौते के अनुच्छेद 10 का उल्लंघन बताया है।
