मुरादाबाद। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को नगर निगम मुरादाबाद की ओर से महानगर में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नागरिकों की सहभागिता बढ़ाना रहा। रैली को महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया।

कंपनी बाग से शुरू हुई जागरूकता रैली जैन मंदिर, अंबेडकर पार्क होते हुए पीली कोठी पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न स्कूलों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे विद्यार्थियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

रैली के दौरान स्वच्छता, कूड़ा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने तथा अपने आसपास गंदगी न फैलाने का संदेश दिया गया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर महानगर का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसी क्रम में पीली कोठी स्थित एकता चौक पर पूजा-अर्चना के बाद ‘सेवा कलश’ की स्थापना की गई, जो नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा।

महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। शहर को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर और प्रतिष्ठान के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का भी ध्यान रखें और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें।

उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं की स्वच्छता अभियान में भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। इनके माध्यम से स्वच्छता का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सकता है।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से नगर निगम का प्रयास है कि स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही मुरादाबाद को स्वच्छ और सुंदर महानगर बनाया जा सकता है।

अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी लिया हिस्सा
जागरूकता रैली में नगर निगम के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी, अपर नगर आयुक्त तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। स्कूली बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी ने रैली को व्यापक स्वरूप दिया। रैली के माध्यम से शहरवासियों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है।

नगर निगम की ओर से अभियान के दौरान लोगों से स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने और महानगर को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई@शांतनु/INN
