मुरादाबाद। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नाबालिग बच्चे के साथ अश्लील हरकत का वीडियो वायरल होने के मामले में भोजपुर थाना पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो एक मोबाइल नंबर से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था। मोबाइल नंबर की जांच के बाद पुलिस ने एक युवक की पहचान की है, जिसके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67बी के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अभिलेख के अनुसार मामले में थाना भोजपुर के उपनिरीक्षक अनुज कुमार की ओर से तहरीर दी गई। साइबर सेल, मुरादाबाद से प्राप्त पेन ड्राइव की जांच के दौरान उसमें एक अश्लील वीडियो पाया गया। पुलिस के मुताबिक वीडियो में एक महिला नाबालिग बच्चे के साथ आपत्तिजनक एवं अश्लील हरकत करती दिखाई दे रही है।
जांच के दौरान वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने वाले मोबाइल नंबर की कैफ रिपोर्ट प्राप्त की गई। पुलिस के अनुसार उक्त नंबर नदीम पुत्र नसीर निवासी मोहल्ला फतेहपुरी, कस्बा भोजपुर, जनपद मुरादाबाद के नाम पर पंजीकृत पाया गया। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इस कृत्य को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(बी) के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में माना है।
साइबर सेल की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
एफआईआर के मुताबिक साइबर सेल से प्राप्त रिपोर्ट और पेन ड्राइव की जांच के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। थाना भोजपुर में 18 सितंबर 2026 को रात 00:24 बजे एफआईआर संख्या 0400/2026 दर्ज की गई। मामले की विवेचना निरीक्षक विनोद कुमार यादव को सौंपी गई है।
पुलिस अब वायरल वीडियो के स्रोत, उसे सोशल मीडिया पर अपलोड अथवा प्रसारित किए जाने की परिस्थितियों तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि वीडियो को किस उद्देश्य से और किन-किन माध्यमों से प्रसारित किया गया।
नाबालिग से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई का संकेत
नाबालिग से संबंधित अश्लील सामग्री का सोशल मीडिया पर प्रसार गंभीर कानूनी मामला है। इस प्रकरण में साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज होने से स्पष्ट है कि पुलिस सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को लेकर निगरानी और कानूनी कार्रवाई कर रही है।एफआईआर में दर्ज आरोपों की विवेचना जारी है@जफर/INN
