मुरादाबाद। थाना मझोला पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन नंबर और चेसिस नंबर में बदलाव कर उन्हें बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस के नेतृत्व में थाना मझोला पुलिस टीम ने 17 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विपिन पुत्र रामअवतार सिंह, निवासी ग्राम सेफपुरी खालसा, थाना एचौड़ा कंबोह, जनपद संभल और मो. राशिद उर्फ नौशाद पुत्र कयामुद्दीन, मूल निवासी कस्बा एवं थाना मवाना, जनपद मेरठ तथा वर्तमान निवासी ग्राम लिंडरपुर, थाना नूरपुर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है।
झाड़ियों में छिपाकर रखते थे चोरी की बाइक
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करने के बाद उन्हें तत्काल बेचने के बजाय सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रखते थे। पुलिस के अनुसार दिल्ली सहित अन्य स्थानों से चोरी की गई मोटरसाइकिलों को महाकालेश्वर मंदिर जाने वाले रास्ते के पास प्लाटिंग क्षेत्र में लंबी झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया था।

आरोपियों पर आरोप है कि चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने से पहले उनके रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर और इंजन नंबर बदल दिए जाते थे, जिससे वाहनों की वास्तविक पहचान छिपाई जा सके।
बुलेट समेत 10 बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक बुलेट, एक टीवीएस अपाचे आरटीआर-180, एक हीरो एचएफ डीलक्स और सात स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें शामिल हैं। बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस उनके वास्तविक स्वामियों और पूर्व में दर्ज चोरी के मुकदमों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाइक चोरी की इन घटनाओं में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना मझोला के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य थानों और जनपदों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि बाइक चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके@शांतनु/INN
