मुरादाबाद। खाकी वर्दी पहनकर देश और समाज की सेवा करने का सपना लिए होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने पहुंचे 27 वर्षीय युवक की दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते युवक मैदान में गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों ने तत्काल उसे संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भर्ती स्थल से लेकर अस्पताल तक अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान शिवम यादव (27) पुत्र विनोद यादव निवासी नई बस्ती, नगला बेनीपुर, थाना सुभाष नगर, जनपद बरेली के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवम होमगार्ड भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ लगा रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह असंतुलित होकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे सुबह करीब 8:35 बजे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता की भी बिगड़ी हालत
शिवम की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके पिता विनोद यादव की भी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
परिजनों के मुताबिक शिवम की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व बरेली के चौपाल क्षेत्र में हुई थी। वह अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था और सरकारी सेवा में जाने का सपना संजोए हुए था। चार भाइयों में शिवम की असमय मौत से परिवार के साथ रिश्तेदारों और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
चचेरा भाई भी उसी भर्ती दौड़ में था
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि शिवम का चचेरा भाई हिमांशु यादव भी उसी भर्ती प्रक्रिया में शामिल था। घटना के बाद हिमांशु सदमे में है। जिस भर्ती में दोनों भाई सरकारी नौकरी का सपना लेकर पहुंचे थे, वहीं शिवम की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

एक अन्य अभ्यर्थी भी दौड़ के दौरान घायल
भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक अन्य अभ्यर्थी वेद प्रकाश (24) पुत्र बनवारी लाल, निवासी ग्राम उत्तराशी, तहसील बहेड़ी भी दौड़ लगाते समय घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
युवक की मौत की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार, सीओ सिविल लाइंस भास्कर मिश्रा और सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने भर्ती स्थल की व्यवस्थाओं और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद शिवम के गिरने की बात सामने आई है। हालांकि उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या रही, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
भर्ती प्रक्रिया में स्वास्थ्य सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की स्वास्थ्य सुरक्षा और मौके पर उपलब्ध चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में युवा कठिन शारीरिक परीक्षा के लिए मैदान में उतरते हैं, ऐसे में आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधा और तत्काल उपचार की व्यवस्था कितनी प्रभावी थी, यह भी जांच का विषय बन गया है।
शिवम यादव भी आंखों में सरकारी नौकरी का सपना और दिल में देशसेवा का जज्बा लेकर भर्ती मैदान में उतरा था। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी का सफर थम गया। परिवार के लिए यह हादसा केवल एक बेटे की मौत नहीं, बल्कि उन तमाम उम्मीदों का टूट जाना है, जिन्हें लेकर शिवम भर्ती मैदान तक पहुंचा था@शांतनु/INN
