मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देशानुसार शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में “आयुष आपके द्वार” निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने शिविर का निरीक्षण किया और वहां प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श के बारे में जानकारी ली।
शिविर का आयोजन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, मुरादाबाद डॉ. अमरदीप सिंह नायक तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. विधु शेखर मलिक की मौजूदगी एवं देखरेख में संपन्न हुआ।

क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर एवं तहसील दिवसों के अवसर पर आयुष कैंप लगाया जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग आयुर्वेद से जुड़े तथा स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।
शिविर में आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने रोगियों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया।
शिविर में होम्योपैथी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन नायक, आयुर्वेद के चिकित्सा अधिकारी डॉ. नदीम परवेज, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. वर्णिका रानी, यूनानी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. नदीम अहमद मलिक तथा होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजली राय द्वारा रोगियों का परीक्षण एवं उपचार किया गया।

शिविर के सफल आयोजन में होम्योपैथिक फार्मेसिस्ट इफ्तेखार एवं श्रीमती श्रेया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। साथ ही योग प्रशिक्षक देवेन्द्र कुमार, गौरव त्यागी एवं योग सहायक सुनील कुमार ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
“आयुष आपके द्वार” शिविर में कुल 405 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार एवं आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों के लाभों तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक भी किया गया@शांतनु/INN
