मुरादाबाद। शुक्रवार को प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार “भूकम्प, औद्योगिक (रासायनिक) एवं अग्नि सुरक्षा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज” का आयोजन जनपद मुरादाबाद की समस्त तहसीलों, मुरादाबाद रेलवे जंक्शन, कलेक्ट्रेट परिसर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर किया गया। मॉक एक्सरसाइज के दौरान सभी निर्धारित स्थानों पर तय समयानुसार विभिन्न आपदा परिस्थितियों का अभ्यास कराते हुए कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्काल प्रतिक्रिया क्षमता, आपसी समन्वय, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखना तथा आमजन को आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को भूकम्प जैसी आपदा के समय “क्या करें और क्या न करें” के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए तथा आवश्यक इण्डिकेटर्स भी लगाए गए।

कलेक्ट्रेट में अचानक बजा सायरन, सुरक्षित स्थान पर पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में दोपहर 12:00 बजे बिना पूर्व सूचना के अलार्म/सायरन सक्रिय किया गया। सायरन बजते ही कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल निर्धारित सुरक्षित स्थान मुशायरा ग्राउंड की ओर तेजी से पहुंचते दिखाई दिए। कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिवक्ताओं ने भी इसे आपात स्थिति मानते हुए तत्काल परिसर से बाहर निकलकर निर्धारित दिशा में पहुंचने की प्रक्रिया में सहभागिता की।

इसके उपरांत जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), मुख्य कोषाधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा एकत्र होकर भूकम्प के दौरान अपनाई जाने वाली बचाव एवं सुरक्षा प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

अटल आवासीय विद्यालय में 500 बच्चों के बीच अग्निशमन दल का सुरक्षात्मक/बचाव प्रदर्शन
तहसील बिलारी स्थित अटल आवासीय विद्यालय में लगभग 500 बच्चों के मध्य अग्निशमन दल द्वारा फायर फाइटिंग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बच्चों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा आपदा के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को आपात स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

सभी तहसीलों में विभागीय टीमों ने किया सक्रिय प्रतिभाग
जनपद की समस्त तहसीलों में आयोजित मॉक ड्रिल में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, अग्निशमन विभाग, चिकित्सा विभाग, पुलिस विभाग, वायरलेस एवं सिविल डिफेन्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। विभिन्न टीमों ने निर्धारित दायित्वों के अनुरूप आपदा की स्थिति में सूचना प्राप्त करने, मौके पर पहुंचने, बचाव एवं राहत कार्यों तथा आपसी समन्वय की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से किया गया अनुश्रवण
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) द्वारा क्रमवार समस्त तहसीलों में आयोजित मॉक ड्रिल का नेतृत्व एवं अनुश्रवण किया गया। आपदा विशेषज्ञ श्री प्रदीप कुमार सिंह ने समन्वयकारी भूमिका निभाते हुए राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप मॉक ड्रिल का संचालन सुनिश्चित कराया।
मॉक ड्रिल के पर्यवेक्षण के लिए एनडीआरएफ की ओर से पर्यवेक्षक श्री हुकुम सिंह ने तहसील कांठ, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने तहसील बिलारी तथा क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा ने पशुपति एकॉलोन, ठाकुरद्वारा पहुंचकर मॉक एक्सरसाइज का अवलोकन एवं पर्यवेक्षण किया।
मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों तथा आमजन की जागरूकता को परखा गया। जनपद में मॉक एक्सरसाइज के दौरान सभी संबंधित विभागों द्वारा अपने निर्धारित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया@शांतनु/INN
