मुरादाबाद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से प्रकाशनगर स्थित लेबर अड्डे पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में लेबर अड्डे पर आने वाले श्रमिकों ने प्रतिभाग किया।
कैंप के दौरान श्रमिकों का मौके पर ही श्रमिक पंजीयन किया गया। साथ ही डिजिटल लेबर चौक ऐप के माध्यम से भी श्रमिकों का पंजीकरण कराया गया तथा उन्हें श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।

उप श्रम आयुक्त, मुरादाबाद क्षेत्र दीप्तिमान भट्ट ने बताया कि प्रकाशनगर लेबर अड्डे पर इसी प्रकार का कैंप एक सप्ताह तक नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ा जा सके और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो।
लेबर अड्डे पर आने वाले श्रमिकों से अपील की गई कि वे प्रातः 08:00 बजे अपने आधार कार्ड एवं ओटीपी हेतु मोबाइल फोन के साथ कैंप में उपस्थित होकर अपना श्रमिक पंजीयन कराएं तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
कैंप में उप श्रम आयुक्त, मुरादाबाद क्षेत्र, सहायक श्रम आयुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं श्रम विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
