मुरादाबाद। थाना कोतवाली नगर की मिशन शक्ति टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए घर से निकलकर लापता हुए तीन वर्षीय मासूम को करीब एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
शुक्रवार 18 सितंबर को मिशन शक्ति टीम की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक चन्द्रप्रभा गौतम, महिला हेड कांस्टेबल बबीता रानी और महिला हेड कांस्टेबल अन्जू श्रीवास्तव मिशन शक्ति के प्रचार-प्रसार के लिए कोतवाली क्षेत्र में भ्रमण कर रही थीं। इसी दौरान बाजार गंज सब्जी मंडी के पास टीम को करीब तीन वर्षीय बालक रोता हुआ मिला।
टीम ने आसपास के लोगों से बच्चे के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बच्चा अपने माता-पिता का नाम और घर का पता भी नहीं बता पा रहा था। इसके बाद महिला सुरक्षा दल बच्चे को थाना कोतवाली नगर स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर लेकर पहुंचा।
बच्चे की पहचान सुनिश्चित करने के लिए टीम ने उसकी फोटो के आधार पर आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटानी शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पता चला कि बच्चा बालाजी मंदिर के पीछे रामभरोसे स्कूल के सामने रहने वाले परिवार का है। टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई।
जांच-पड़ताल में बच्चे की पहचान उपमन्यु सिंह के रूप में हुई और उसकी मां का नाम रीतु बताया गया। पुलिस टीम ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। परिजनों ने बच्चे की पहचान की और बताया कि घर का दरवाजा खुला रह गया था। परिवार के लोग घर में सो रहे थे, जबकि बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान करीब शाम पांच बजे उपमन्यु खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गया था।
मिशन शक्ति टीम की सक्रियता से महज करीब एक घंटे के भीतर मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक पहचान एवं औपचारिकता पूरी करने के बाद बच्चे को उसकी मां रीतु और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस टीम ने परिजनों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बच्चे के सकुशल वापस मिलने पर परिजनों ने कोतवाली पुलिस और मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
बच्चे को सकुशल बरामद करने वाली टीम में शामिल पुलिसकर्मी :
- महिला उपनिरीक्षक चन्द्रप्रभा गौतम
- महिला हेड कांस्टेबल बबीता रानी
- महिला हेड कांस्टेबल अन्जू श्रीवास्तव@शांतनु/INN
