मुरादाबाद। पुलिस लाइन मुरादाबाद में आयोजित बरेली जोन की 74वीं अंतर्जनपदीय एथलेटिक क्लस्टर (महिला/पुरुष) एथलेटिक एवं साइक्लिंग प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। चार दिन तक चली प्रतियोगिता में बरेली जोन के नौ जनपदों से आए 233 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 18 सितंबर 2026 तक पुलिस लाइन मुरादाबाद में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन में 15 सितंबर को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने किया था। वहीं समापन समारोह शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक लाइन्स सुभाष चंद्र गंगवार की मौजूदगी में हुआ।
अमरोहा पुरुष एथलेटिक्स में अव्वल
एथलेटिक्स की पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में अमरोहा ने 75 अंक हासिल कर सर्वश्रेष्ठ टीम का खिताब अपने नाम किया। बरेली 62 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में बरेली की टीम 74 अंक के साथ सर्वश्रेष्ठ रही, जबकि मुरादाबाद ने 52 अंक अर्जित कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

साइक्लिंग में मुरादाबाद की महिला टीम का शानदार प्रदर्शन
साइक्लिंग की पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में बिजनौर ने सर्वश्रेष्ठ टीम का गौरव हासिल किया, जबकि रामपुर की टीम दूसरे स्थान पर रही। महिला वर्ग में मुरादाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ टीम का खिताब जीता। रामपुर की टीम को दूसरा स्थान मिला।
अश्विनी और शिवा बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों का चयन किया गया। पुरुष एथलेटिक्स वर्ग में सम्भल के अश्विनी कुमार को सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। महिला वर्ग में मुरादाबाद की शिवा सिंह ने सर्वश्रेष्ठ एथलीट का खिताब हासिल किया।

साइक्लिंग के पुरुष वर्ग में बिजनौर के विकास कुमार को सर्वश्रेष्ठ साइकिलिस्ट तथा महिला वर्ग में मुरादाबाद की पूजा को सर्वश्रेष्ठ साइकिलिस्ट घोषित किया गया।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में उपनिरीक्षक जगदीश कन्नौजिया, उपनिरीक्षक संजय शर्मा, एनआईएस कोच मनोज शर्मा, कोच गौरव कश्यप, मुख्य आरक्षी राहुल आनंद और आरक्षी कन्हैया ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स और साइक्लिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चार दिवसीय आयोजन में बरेली जोन के विभिन्न जनपदों के पुलिस खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला@जफर/INN
