मुरादाबाद। बिलारी में नवनिर्मित कोतवाली भवन के हैंडओवर से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने शनिवार को भवन का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों और आमजन के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रशासनिक कक्षों, पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए आवास एवं अन्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से भवन में शेष बचे कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन को हैंडओवर किए जाने से पहले सभी जरूरी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने भवन में बिजली, पानी, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जांच पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कोतवाली का संचालन शुरू होने के बाद पुलिसकर्मियों और फरियादियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे हैंडओवर किया जाएगा। नए भवन में आधुनिक एवं बेहतर सुविधाओं के साथ कोतवाली का कामकाज संचालित होने से पुलिसकर्मियों के साथ-साथ फरियादियों को भी सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हैंडओवर से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया जाए और जो भी कार्य शेष हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी प्रिंस वर्मा, कोतवाली प्रभारी उदय प्रताप सिंह समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे@जफर/INN
